अमेरिका द्वारा टैरिफ में कटौती से परिधान निर्यातकों को बड़ी राहत: ललित ठुकराल

नोएडा। नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर के चेयरमैन ललित ठुकराल ने भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति श्री डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई हालिया बातचीत के बाद अमेरिका द्वारा भारतीय परिधान उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ में 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे भारतीय परिधान उद्योग के लिए एक बड़ी राहत और संजीवनी बताया।
ललित ठुकराल ने कहा कि टैरिफ में कटौती की यह खबर परिधान निर्यातकों में नई उम्मीद लेकर आई है। नोएडा से हर साल लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का परिधान निर्यात अमेरिका को किया जाता है, जो देश के कुल परिधान निर्यात का लगभग 30–35 प्रतिशत है। अगस्त 2025 में अमेरिका द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ के कारण परिधान उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ था, जिससे न केवल विदेशी मुद्रा आय पर असर पड़ा बल्कि रोजगार सृजन भी प्रभावित हुआ और कई निर्यातक गंभीर संकट में आ गए।
उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत से परिधान का सबसे बड़ा आयातक देश है और ऐसे में टैरिफ में यह कटौती भारत को 30 अरब अमेरिकी डॉलर के परिधान निर्यात लक्ष्य को हासिल करने में मददगार साबित होगी। साथ ही यह कटौती भारत को अमेरिका को परिधान निर्यात करने वाले देशों में सबसे कम टैरिफ वाला देश बना देगी, जिससे भारतीय निर्यातकों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और मजबूत होगी।
ललित ठुकराल ने इस सकारात्मक निर्णय के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री एवं वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल तथा केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संकट के समय परिधान उत्पादन और निर्यात को दिए गए सभी प्रकार के सरकारी समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने संकट की घड़ी में निर्यातकों के लिए ओडीओपी योजना को बेहतर तरीके से पूरे प्रदेश में संचालित किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत-अमेरिका के बीच चल रहा व्यापार समझौता शीघ्र ही संपन्न होगा, जिससे परिधान क्षेत्र को और अधिक राहत मिलेगी और उद्योग एक बार फिर तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।



