राजनीतिराज्य

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से दिल्ली में मिले राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

नई दिल्ली ll केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री  शिवराज सिंह चौहान से आज राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कृषि भवन, नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीण विकास और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। बैठक में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, केंद्रीय कृषि सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री शैलेष सिंह, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट सहित दोनों केंद्रीय मंत्रालयों और राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग की ओर से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी (मनरेगा) योजना के तहत 3286 करोड़ रुपये मजदूरी मद में, 944 करोड़ रुपये मटेरियल कॉम्पोनेंट के तथा प्रशासनिक मद में 154 करोड़ रुपये यानी कुल मिलाकर 4384 करोड़ रुपये की राशि राजस्थान को इसी वित्तीय वर्ष में पिछले दिनों दी गई है। इस पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल ने केंद्रीय मंत्री श्री चौहान को राज्य की ओर से धन्यवाद दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में इस महत्वपूर्ण योजना के तहत राजस्थान में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। वृहद स्तर पर सर्वे किया जा चुका है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने इस पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि आगे बनने वाले आवासों के सर्वे के सत्यापन का कार्य जैसे ही पूरा हो जाएगा, वैसे ही तुरंत अतिरिक्त मकानों के निर्माण की स्वीकृति दे दी जाएगी। राजस्थान में 7.46 लाख मकान बनाए जाना है, जिनमें से पीएम-जनमन योजना के तहत भी निर्माण होना है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को बारे में भी बैठक में चर्चा हुई।

कषि से जुड़े मुद्दों में ‘पर ड्रॉप-मोर क्रॉप’, बारिश का पानी संग्रहित करने के लिए तालाब रूपी डिग्गी निर्माण और खेतों में तार की बाड़ लगाने को लेकर योजनाओं के कार्यान्वयन की प्रगति पर चर्चा हुई। वहीं, जयपुर के बस्सी क्षेत्र में कृषि की उल्लेखनीय प्रगति को लेकर भी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने केंद्र सरकार की मदद से ग्राम पंचायत स्तर पर ‘कृषि पर्यवेक्षकों’ की व्यवस्था की मंशा भी जताई। विभिन्न विषयों के साथ-साथ अंतरराज्यीय व्यापार को मजबूत करने, राजस्थान की बेहतर मूंगफली किस्मों को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें अधिसूचित करने एवं राजस्थान के लोकप्रिय अरंडी के तेल के संवर्धन को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री शर्मा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को राजस्थान में मानसून की अच्छी प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष राजस्थान में अपेक्षा अनुरूप अच्छी बारिश हुई है, जिसका असर निश्चित तौर पर अच्छी फसल के रूप में देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button