नोएडा में “भारत उत्कर्ष महायज्ञ” का भव्य शुभारंभ
नोएडा, llपरम पूज्य संत महर्षि महेश योगी जी की दिव्य अनुकम्पा एवं आशीर्वाद से महर्षि महेश योगी संस्थान द्वारा आयोजित 108 कुण्डीय दस दिवसीय “भारत उत्कर्ष महायज्ञ” का शुभारंभ आज नोएडा सेक्टर–110 स्थित महर्षि नगर रामलीला मैदान में अत्यंत भव्यता और वैदिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।सुबह 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ का आरंभ हुआ, जिसके उपरांत ठीक दोपहर 12 बजे विशाल कलश यात्रा निकाली गई। उद्घाटन सत्र में कलश स्थापना, गणपति होम, गौ पूजन, नवग्रह शांति जैसे प्रमुख अनुष्ठान पूर्ण विधि-विधान से सम्पन्न हुए।

सांस्कृतिक झांकियों में दिखी भारत की विविधता महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा के विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, बिहार, असम, उड़ीसा, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों की सांस्कृतिक झांकियाँ शानदार नृत्य प्रस्तुतियों द्वारा प्रदर्शित कीं। इन प्रस्तुतियों ने “विविधता में एकता” का सशक्त संदेश देते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
यज्ञशाला में 108 कुण्डों पर निरंतर यज्ञ- विशाल वैदिक यज्ञशाला में सभी 108 कुण्डों पर विश्वशांति, मानव कल्याण और भारत के समग्र उत्थान के लिए आहुतियाँ अर्पित की जाती रहीं। अन्नक्षेत्र में चलता अखण्ड भण्डारा आगंतुकों के लिए सेवा एवं समरसता का प्रेरणास्रोत बना। साथ ही पूरे दिन ध्यान, वेदाध्ययन और सत्संग जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं के मन में शांति और upliftment का विशेष वातावरण बनाया।

रामायण शो और श्रीराम कथा ने बांधा समां- संध्या के समय आयोजित लेज़र लाइट एंड साउंड शो में रामायण की कथा का भव्य प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसने पूरे परिसर में दिव्यता का वातावरण निर्मित किया। इसके उपरांत श्रीराम लला सेवा सदन, अयोध्या के प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी राघवाचार्य महाराज जी द्वारा श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने अत्यंत भक्ति भाव से श्रवण किया।

जगत्गुरुओं का पावन सान्निध्य- इस आयोजन का संरक्षण अनन्त विभूषित स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती जी महाराज (जगद्गुरु शंकराचार्य, ज्योतिर्मठ, बद्रिकाश्रम)के सान्निध्य में हो रहा है।
साथ ही जगत्गुरु रामानंदाचार्य प्रेमेश्वर पीठाधीश्वर स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी दिव्य और ऊर्जामय बना दिया।
हजारों श्रद्धालुओं ने किया सहभाग- कार्यक्रम में महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव जी ने सभी भक्तजनों से इस महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने का आह्वान किया।
भंगेल बाजार, सलारपुर, गेझा, हाजीपुर एवं आसपास की सोसाइटियों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने विश्वशांति और मानव कल्याण की भावना से आहुतियाँ अर्पित कर यज्ञ में सक्रिय सहभागिता निभाई।
दस दिवसीय “भारत उत्कर्ष महायज्ञ” – 25 नवम्बर 2025 तक प्रतिदिन सुबह से रात्रि तक विभिन्न वैदिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा।



