उत्तर प्रदेशमहिलाराज्यराज्य - शहर

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने FDRC (Family Dispute Resolution Clinic) की तीसरी इकाई का किया शुभारम्भ

नोएडा ll पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह द्वारा थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत चैरी काउण्टी चौकी में वैवाहिक एवं पारिवारिक तनाव एवं विवादों से संबंधित प्रकरणों के लिए परामर्श एवं मध्यस्थता हेतु तीसरा समाधान केन्द्र FDRC (Family Dispute Resolution Clinic) संस्थापित करते हुए इस केंद्र का शुभारंभ किया गया।

यह FDRC गलगोटिया विश्वविद्यालय के सहयोग से तैयार किया गया है, इसमे लीगल , मनोविज्ञान, व्यवहार विज्ञान के विशेषज्ञों की टीमें उपलब्ध रहेंगी। यह केंद्र पारिवारिक विवादों और तनाव से संबंधित मामलों के समझौते कराने और पारिवारिक संबंधों को विकसित करने तथा उनको स्थिर बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम के दौरान एसीपी महिला सुरक्षा व रजिस्ट्रार गलगोटिया विश्वविद्यालय द्वारा FDRC स्थापित एवं संचालित करने से संबंधित MOU पर हस्ताक्षर किए गए। FDRC (Family Dispute Resolution Clinic) का उद्देश्य परिवारों में आपसी विवादों को सुलझाकर समाज में शांति और स्थिरता बनाए रखना है। यह काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाने का एक प्रभावी मॉडल है। FDRC में कार्यरत विशेषज्ञों व पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा मध्यस्थता व काउंसलिंग करते हुए परिवारों के आपसी विवादों को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को सुनकर समाधान प्रस्तुत किया जाता है तथा प्रोफेशनल काउंसलर्स के माध्यम से मानसिक, भावनात्मक और व्यवहारिक समस्याओं को समझकर मार्गदर्शन दिया जाता है। साथ ही साथ वैवाहिक और पारिवारिक समस्याओं पर जागरूकता कार्यक्रम भी समय-समय पर आयोजित किए जाते है। इनके द्वारा घरेलू हिंसा, दहेज या अन्य सामाजिक मुद्दों से जुड़े मामलों को सुलझाने में मदद की जाती है। इनके द्वारा परिवारिक विवादों में मध्यस्थता व काउंसलिंग के जरिए विवाद समाधान का प्रभावी पुलिस पब्लिक पार्टनरशिप मॉडल स्थापित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में वैवाहिक विवादो से सम्बन्धित प्रकरणों में मध्यस्थता व काउंसलिंग हेतु शारदा यूनिवर्सिटी के सहयोग से थाना नॉलेज पार्क में व एमिटी यूनिवर्सिटी के सहयोग से सेक्टर-108 में पूर्व से 02 FDRC (Family Dispute Resolution Clinic) चलाये जा रहे है, जिनके सार्थक प्रयास से हजारों टूटे हुए परिवारों को फिर से जोडा गया है। FDRC न केवल कानूनी प्रक्रिया को सरल बनाता है, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक समर्थन देकर समाज को अधिक सशक्त बनाता है। यह परिवारों को स्थिरता प्रदान कर नई पीढ़ी के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहायक है।

उक्त कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था  राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी महिला सुरक्षा  प्रीति यादव, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल एवं अन्य अधिकारीगण के साथ गलगोटिया विश्वविद्यालय के चांसलर  सुनील गलगोटिया, डायरेक्टर ऑपरेशन सुश्री आराधना गलगोटिया, वाइस चांसलर मल्लिकार्जुन बाबू, रजिस्ट्रार डॉ0 नितिन कुमार गौर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button