बीआईटी नॉएडा में मात्रात्मक एवं गुणात्मक शोध पर शिक्षक विकास कार्यक्रम का शुभारम्भ
नोएडा। सेक्टर 1 स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी द्वारा 8 दिसंबर से 19 दिसंबर 2025 तक “मात्रात्मक एवं गुणात्मक शोध विधियाँ” विषय पर दो सप्ताह का ऑनलाइन शिक्षक विकास कार्यक्रम आज विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सस्थान के निदेशक प्रो. विकास त्रिपाठी, कार्यक्रम संयोजक प्रो एस एल गुप्ता, डॉ. अरुण मित्तल एवं डॉ निकेत मेहता ने कार्यक्रम की विवरणिका का विमोचन किया। दो सप्ताह तक आभासी रूप से चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों, शोधार्थियों और उद्योग पेशेवरों को आधुनिक शोध पद्धतियों, उपकरणों और उन्नत सांख्यिकीय तकनीकों की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है। इस कार्यक्रम में देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों—जैसे लखनऊ विश्वविद्यालय, दिल्ली एवं रेवा विश्वविद्यालय, इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, भारतीय प्रबंध संस्थान दिल्ली आदि केंद्रीय विश्वविद्यालयों, प्रबंधन संस्थानों तथा प्रमुख शोध संगठनों से लगभग 90 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
संस्थान के निदेशक प्रो. विकास त्रिपाठी, ने अपने स्वागत सम्बोधन में कहा कि, मात्रात्मक एवं गुणात्मक शोध के शिक्षक विकास कार्यक्रम का यह चतुर्थ संस्करण है। यह शिक्षक विकास कार्यक्रम न केवल प्रतिभागियों की शोध क्षमता को नई दिशा देता है, बल्कि उन्हें आधुनिक शोध उपकरणों एवं पद्धतियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त शोधार्थी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
मुख्य कार्यक्रम संयोजक प्रो एस एल गुप्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम में शोध की मूलभूत एवं उन्नत अवधारणाओं को विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिनमें प्रश्नावली निर्माण, विद्यमान साहित्य की समीक्षा एवं शोध समस्याओं की पहचान, शोध में प्रयोग किए जाने वाले सॉफ्टवेयर जैसे एनवीवो, SPSS और AMOS आदि पर व्यावहारिक चर्चा को शामिल किया गया है। कार्यक्रम में देश के अनेक प्रसिद्ध शिक्षाविद् जैसे लिवा विश्वविद्यालय से प्रो. (डॉ.) सुधीर राणा, राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान प्रो. (डॉ.) सोनिया चावला, प्रो. (डॉ.) राजीव अग्रवाल, बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान से डॉ नीरज मिश्रा, डॉ प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ. अरुण मित्तल, डॉ निकेत मेहता, दिल्ली विश्विद्यालय से प्रो. (डॉ.) एच. के. डांगी, जवाहर लाल नेहरू विश्विद्यालय से डॉ लोकेश जिंदल, एनटीपीसी स्कूल ऑफ़ बिज़नेस से प्रो. (डॉ.) शिव रतन अग्रवाल, बेनेट विश्वविद्यालय से प्रो. (डॉ.) सुमित नरूला, आदि अपना मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम सह संयोजक डॉ निकेत मेहता ने बताया की सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट, सभी सत्रों की रिकॉर्डिंग तथा अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।



