विश्व व्यावसायिक चिकित्सा दिवस पर“Occupational Therapy in Action” थीम पर एक पैनल चर्चा का आयोजन
नोएडा llविश्व व्यावसायिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन द्वारा “Occupational Therapy in Action” थीम पर एक पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बाल रोग, हड्डी रोग, न्यूरो, वृद्धावस्था तथा मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत अनेक व्यावसायिक चिकित्सकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. एकता दफ्तरी, निदेशक – त्रिशा न्यूरो डेवलपमेंट क्लिनिक, नोएडा ने व्यावसायिक चिकित्सकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि “Occupational Therapists समाज में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे न केवल उपचार करते हैं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को भी पुनर्स्थापित करते हैं।”
फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव ने कहा कि जैसा कि विषय कहता है — व्यावसायिक चिकित्सा क्रियान्वयन में, जब भी कोई विकार व्यक्ति को उसके काम से रोकता है, व्यावसायिक चिकित्सा उसके कारण की बारीकी से जांच करती है। चाहे वह ग्रॉस मोटर या फाइन मोटर समस्या हो, OT उनकी कठिनाइयों को समझकर उन्हें उनके दैनिक कार्य (ADL) में सक्षम बनाती है और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करती है। व्यावसायिक चिकित्सा उसकी कमजोरी के बावजूद उसे अपने व्यवसाय में कामयाब बनाती है — जैसा कि इसके नाम से ही स्पष्ट है।
ऑक्यूपेशनल थेरेपी उन व्यक्तियों की सहायता करती है जो शारीरिक, मानसिक या विकासात्मक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, ताकि वे जीवन की दैनिक गतिविधियों में पूरी तरह से भाग ले सकें। यह चिकित्सा न केवल उन्हें स्वतंत्रता प्रदान करती है, बल्कि उनके जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार करती है। व्यक्तियों को सशक्त बनाना, जीवन को समृद्ध करना — यही व्यावसायिक चिकित्सा का सार है।
फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि व्यावसायिक चिकित्सा पुनर्वास (Rehabilitation) का एक अभिन्न अंग है। यह केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी लोगों को सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक चिकित्सक मरीजों को उनके दैनिक जीवन में स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता प्राप्त करने में मदद करते हैं। डॉ. महिपाल ने व्यावसायिक चिकित्सकों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की और कहा कि वे समाज में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सेंटर मैनेजर सुरभि जैन और स्पेशल एजुकेटर इलिका रावत भी उपस्थित रहीं। कई छात्रों, अभिभावकों और दिव्यांगजनों ने भी इस अवसर पर भाग लिया और कार्यक्रम का हिस्सा बने।
इस कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. सुष्मिता भाटी (फिजियोथेरेपिस्ट) और प्रशासन प्रमुख कृष्ण यादव द्वारा किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज कल्याण में व्यावसायिक चिकित्सकों के योगदान का जश्न मनाना और उनके कार्य को पहचान व प्रोत्साहन देना था।



