सेक्टर-82 में RWA प्रतिनिधियों की बैठक, विकास कार्यों पर बना सर्वसम्मति से रोडमैप
नोएडा llसेक्टर-82 की सभी सोसाइटी के अध्यक्षों और महासचिवों की एक महत्वपूर्ण बैठक उद्योग विहार सेक्टर-82 स्थित RWA कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य फोकस सेक्टर-82 को सुविधाओं से सुसज्जित एवं आधुनिक बनाने पर रहा। इसी क्रम में सेक्टर-82 से मेट्रो स्टेशन तक स्काई वॉक बनाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से समर्थन मिला। प्रतिनिधियों ने कहा कि स्काई वॉक बनने से स्थानीय निवासियों को सुरक्षित व आसानी से मेट्रो तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा सेक्टर के सभी पार्कों की सुंदरता बढ़ाने, बच्चों के झूलों व राइड्स की मरम्मत व स्थापना, तथा सभी नालों को कवर करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
उद्योग विहार RWA के अध्यक्ष मयंक चौहान और महासचिव रंजन कुमार ने कहा कि सभी सोसाइटी मिलकर यदि अपने-अपने लेटरहेड पर सांसद, विधायक, FONRWA अध्यक्ष और नोएडा अथॉरिटी को मांग पत्र सौंपें, तो विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि “संगठन में शक्ति है, और एकजुट होकर ही हम सेक्टर-82 को उन्नति के रास्ते पर ले जा सकते हैं।”
HIG सोसाइटी के अध्यक्ष अमित त्यागी, MIG सोसाइटी के अध्यक्ष रमेश यादव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी स्काई वॉक निर्माण सहित सभी विकास प्रस्तावों का समर्थन किया और इसे सेक्टर के भविष्य के लिए आवश्यक बताया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में सभी सोसाइटियाँ मिलकर एक संयुक्त रणनीति बनाकर सेक्टर-82 को मॉडल सेक्टर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएँगी।



