उद्योग विहार सेक्टर 82 में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर RWA का प्रयास निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
Noida llउद्योग विहार सेक्टर 82 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में सोसाइटी परिसर में एक स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस स्वास्थ्य शिविर में कार्डियोलॉजी, जनरल फिजिशियन, डेंटल, नेत्र रोग विशेषज्ञ (ऑप्थाल्मोलॉजिस्ट) एवं डाइटिशियन को आमंत्रित किया गया। शिविर के दौरान निवासियों की ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी, SPO₂, BMI, BMD, कोलेस्ट्रॉल स्क्रीनिंग एवं पल्स रेट जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं।
RWA अध्यक्ष मयंक चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि उद्योग विहार निवासियों का आसपास के हॉस्पिटलों में लगातार आना-जाना रहता है, ऐसे में RWA द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि भविष्य में “जन सेवा उद्योग विहार” के नाम से निवासियों को OPD, डॉक्टर कंसल्टेशन, जांच एवं अन्य मेडिकल सेवाओं में विशेष छूट दिलाई जा सके।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और खान-पान की गलत आदतों के कारण दांतों, आंखों और पोषण से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष रूप से डेंटल डॉक्टर, आई स्पेशलिस्ट और डाइटिशियन की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
RWA अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य केवल एक शिविर तक सीमित नहीं है, बल्कि धीरे-धीरे सभी प्रकार के विशेषज्ञ डॉक्टरों को आमंत्रित कर उद्योग विहार निवासियों को हर प्रकार की बीमारी एवं स्वास्थ्य समस्या का समाधान उपलब्ध कराना है।
उन्होंने सभी डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और निवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि RWA टीम दिन-रात उद्योग विहार के सर्वांगीण विकास एवं निवासियों के स्वास्थ्य हित में कार्य कर रही है।



