थाना सेक्टर-113 पुलिस द्वारा साइबर ठगी कर गोल्ड क्रय करने वाली 01 अभियुक्ता गिरफ्तार
Noida ll थाना सेक्टर-113 पुलिस द्वारा मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना की सहायता से 01 अभियुक्ता प्रियंका वत्स पत्नी विक्रांत वत्स को सेक्टर-119 नोए़डा के पास से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्ता के कब्जे से 01 सोने की चेन व 01 जोड़ी कानों के टॉप्स जिनकी कीमत 2,15,060 रुपये मय स्टोर बिल व घटना में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन (जिसके कैमरे पर बिंदी लगी हुई) बरामद किया गया है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्ता प्रियंका द्वारा बताया गया कि अभियुक्ता और उसका पति विक्रांत मिलकर लोगों को ऑनलाइन HDFC क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर ठगी करते थे। फेसबुक ग्रुप्स/पेज और अलग-अलग खाते बनाकर मोबाइल नंबर प्राप्त कर, प्रियंका कस्टमर से मोबाइल स्क्रीन शेयरिंग के माध्यम से उनकी क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जानकारी लेकर ऑनलाइन स्टोर्स से गोल्ड ज्वैलरी खरीदवाते और बाद में जाकर उन्हें स्टोर से प्राप्त कर लेते थे। अभियुक्ता द्वारा बताया गया कि वीडियो कॉल पर चेहरा नहीं दिख सके इसलिए वो उसके फ्रंट कैमरे पर बिंदी लगाए रखती थी।
साइबर जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव बिंदु-
अंजान कॉल व कॉलर से सावधान रहें: कोई भी व्यक्ति यदि स्वयं को बैंक/कस्टमर केयर अधिकारी बताकर कॉल करे और क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई से जुड़ी जानकारी मांगे, तो ऐसी कॉल पर विश्वास न करें।
स्क्रीन शेयरिंग ऐप का प्रयोग अत्यधिक सावधानी से करें: किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर AnyDesk, TeamViewer या अन्य स्क्रीन शेयरिंग ऐप इंस्टॉल या उपयोग न करें। स्क्रीन शेयरिंग के दौरान आपका ओटीपी, पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड विवरण और बैंकिंग जानकारी अपराधियों के हाथ लग सकती है।
सोशल मीडिया ऑफर्स से सतर्क रहें: फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर क्रेडिट कार्ड या लोन से संबंधित आकर्षक विज्ञापनों, लिंक व मैसेज से सावधान रहें।
ओटीपी व पासवर्ड कभी साझा न करें: बैंक, क्रेडिट कार्ड कंपनी या कोई भी संस्था कभी ओटीपी, सीवीवी या पिन नहीं मांगती। ऐसी मांग होने पर तुरंत कॉल काट दें।
धोखाधड़ी होने पर तुरंत शिकायत करें: किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।



