उत्तर प्रदेशखेल जगतराज्य - शहर

दिव्यांग टीमों के बीच T-20 क्रिकेट मैच का सफल आयोजन, राजेश भारद्वाज ने दिए पुरस्कार

ग्रेटर नोएडा। 3 दिसंबर विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर ग्रेनो के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की दिव्यांग टीमों के बीच T-20 क्रिकेट मैच का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को सम्मान देने और उन्हें मुख्यधारा में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया था। इस विशेष मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर मे 152 रन बनाये जिसमे अंकित गौतम ने सर्वाधिक 35 रन बनाये। उसके जवाब मे उत्तराखंड की टीम मात्र 48 रन पर सिमट गई। मैच के हीरो रहे बिंटू यादव ने 4 विकेट लेकर हरफनमौला प्रदर्शन किया। जिसके चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस दौरान मुख्य अतिथि और डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट कौंसिल ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन (कॉरपोरेट अफेयर्स एंड कम्युनिकेशंस) PD & व्हीलचेयर क्रिकेट और व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन राजेश भारद्वाज ने सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और शुभकामनाएं दी।

राजेश भारद्वाज ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी आज भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन कर रहे हैं, इसी के साथ साथ दिव्यांग खिलाड़ियों के मनोबल और आत्मविश्वास को बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी की सकारात्मक भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संवेदनशील दृष्टिकोण और प्रेरक संदेश दिव्यांग खिलाड़ियों के जीवन में ऊर्जा का स्रोत बनते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में ऐसा वातावरण तैयार हुआ है जहां दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मान, अवसर और प्रोत्साहन मिल रहा है।

राजेश भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने बीते 2 वर्षों के दौरान दिव्यांग खिलाडियों के लिए जो मेहनत की है उसका श्रेय वे डीसीसीआई के जनरल सेक्रेटरी रवि चौहान और डब्ल्यूसीआईए के अध्यक्ष और डीसीसीआई के जॉइंट सेक्रेटरी स्क्वॉर्डन लीडर अभय प्रताप सिंह (सेनि) को देते हैं जो लगातार दिव्यांग खिलाड़ियों को मुख्यधारा में लाने के प्रयासों में लगे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रगति का सबसे बड़ा उदाहरण हाल ही में देखने को मिला जब भारतीय महिला नेत्रहीन क्रिकेट टीम ने T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप फॉर द ब्लाइंड 2025 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर भारत का गौरव बढ़ाया। राजेश भारद्वाज के अनुसार यह विजय दिव्यांग समाज की अदम्य क्षमता और अटूट साहस का प्रतीक है।

राजेश भारद्वाज ने बताया कि इस अवसर पर उन्हें देश के गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह, वाणिज्‍य एवं उद्योगमंत्री पीयूष गोयल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के यहां से शुभकामना सन्देश प्राप्त हुए और उन्होंने इस आयोजन के लिए उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कीं।

इस आयोजन में खेल प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में दर्शकों ने भाग लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर के मैनेजर हरि कृष्ण भी उपस्थित रहे और सभी लोगों और खिलाडियों ने सहयोग के लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि वे भविष्य में दिव्यांगों के बीच होने वाले मुकाबलों के लिए ऐसा ही प्रोत्साहन दर्शाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button