नवरात्रि में मीट-मछली की दुकानों को बंद कराने की मांग
नोएडा llआगामी नवरात्रों (22 सितंबर 2025 से) को ध्यान में रखते हुए जीवन अर्पण गौ सेवा समिति ने जिला प्रशासन से जनपद में संचालित सभी मीट, मछली और अंडे की दुकानों को बंद करने की मांग की है। समिति के पदाधिकारियों ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि नवरात्रि का पर्व सनातन धर्मावलंबियों के लिए पावन और धार्मिक आस्था से जुड़ा होता है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि इन नौ दिनों में घर-घर पर माता रानी की चौकी सजाई जाती है और श्रद्धालु सुख-शांति एवं सभी जीव-जंतुओं के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। ऐसे में इस अवधि में किसी भी प्रकार की जीव हत्या नहीं होनी चाहिए।
प्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि जिले में कई स्थानों पर अवैध रूप से बिना लाइसेंस मीट की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिन पर प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
समिति ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि नवरात्रों की अवधि में जिले की सभी मांसाहारी दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया जाए। समिति का कहना है कि इससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान और सामाजिक सौहार्द बना रहेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में संस्था के अध्यक्ष मोनू गुर्जर (गौ सेवक), देवा पंडित, नवीन देवधर, मनीष टाइगर, प्रमोद भारद्वाज, विनीत नागर और सुनील दुबे शामिल रहे।



