नोएडा में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन — 21 कुंडीय महायज्ञ, संतों की अमृतवाणी व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सेक्टर-82, नोएडा में हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण के उद्देश्य से एक भव्य हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर 21 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु निवासियों ने आहुति देकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
सम्मेलन के दौरान पूज्य संतों की अमृतवाणी तथा ओजस्वी प्रवक्ताओं के प्रेरणादायक उद्बोधन ने उपस्थित जनसमूह को धर्म, संस्कार और राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति पर आधारित विचारों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण हुआ।
आयोजन को और अधिक भव्य बनाने हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। बच्चों की प्रतिभा ने यह संदेश दिया कि हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित हाथों में है।
इस विशाल आयोजन में लगभग 300 से 400 श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। महायज्ञ एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र के निवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
इस हिंदू सम्मेलन के आयोजन में धर्मेंद्र बिश्नोई, हरगोविंद मिश्रा, प्रवनेश सिंह, अनुज सिंह, गोपाल सिंह, रजनीश शर्मा एवं समस्त हिंदू परिवारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सहयोग और समर्पण से यह आयोजन ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक बन सका।
यह हिंदू सम्मेलन न केवल धार्मिक आयोजन रहा, बल्कि समाज में एकता, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाला एक सशक्त मंच भी सिद्ध हुआ।



