उत्तर प्रदेशराज्य - शहर

मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत थाना सेक्टर-63 परिसर में पुलिसकर्मियों के बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक क्रेच (शिशुगृह) का शुभारम्भ

Noida llपुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में मिशन शक्ति-5.0 अभियान के अंतर्गत थाना सेक्टर-63 परिसर में महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की सुविधा और देखभाल को ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक क्रेच (शिशुगृह) का शुभारम्भ किया गया।

इस क्रेच की स्थापना का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को बच्चों के लिये एक सुरक्षित एवं सहयोगी वातावरण प्रदान करना है, जिससे महिला पुलिसकर्मियों अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और आत्मविश्वास के साथ कर सकें। यह शिशुगृह बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराएगा, जहाँ उनकी देखभाल, शिक्षा, पोषण और खेल-कूद की संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इस क्रेच में बच्चों की आयु के अनुरूप आधुनिक संसाधन, शैक्षणिक सामग्री, खेल उपकरण तथा मनोरंजन संबंधी साधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके। यह पहल न केवल महिला पुलिसकर्मियों की पारिवारिक जिम्मेदारियों को कम करेगी बल्कि उन्हें अपने पेशेवर कर्तव्यों में और अधिक दक्षता से कार्य करने की प्रेरणा भी देगी।

उक्त कार्यक्रम के अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, डीसीपी महिला सुरक्षा प्रीति यादव, एडीसीपी सेन्ट्रल नोएडा शैव्या गोयल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण एवं पुलिस बल उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पुलिस कमिश्नर, गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने इस अवसर पर कहा कि “यह क्रेच न केवल बच्चों के समुचित देखभाल का केंद्र बनेगा, बल्कि महिला पुलिसकर्मियों के मन में भी आत्मविश्वास का संचार करेगा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर सदैव अपने पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके परिवारों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है।” साथ ही पुलिस कमिश्नर महोदया द्वारा उपस्थित बच्चों को उपहार प्रदान किये गये।

इस अवसर पर यह भी उल्लेखनीय है कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है, और इसी क्रम में महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए यह क्रेच एक उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध होगा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर समाज की सुरक्षा के साथ-साथ अपने कर्मियों के कल्याण के लिए भी समर्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button