युवा शक्ति की खेल भावना से रोशन हुआ मंच – कराटे प्रतियोगिता में उभरे नए चैंपियंस

नोएडllकुरोई र्यू कराटे डो एसोसिएशन के तत्वावधान में ब्लैक ड्रैगन इंटर डोजो कराटे चैंपियनशिप का भव्य आयोजन आकाश पब्लिक स्कूल, नोएडा में किया गया। इस प्रतियोगिता का संचालन सेंसई वीरेंद्र द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को अनुशासन, उत्साह और खेल भावना के साथ संचालित किया।
सेंसई वीरेंद्र ने बताया कि इस चैंपियनशिप में एसोसिएशन से जुड़े सभी क्लबों और डोजो ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में आत्मरक्षा, आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर सेंसई अश्वनी पांडे द्वारा लाई गई टीम के साथ-साथ नाइटिंगेल वर्ल्ड स्कूल (नालंदा, बिहार), महर्षि विद्या मंदिर नोएडा, गोल्डन वैली इंटरनेशनल स्कूल ग्रेटर नोएडा, न्यू राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल, एस.एम.पी.एन. पब्लिक स्कूल, ग्रेट कोलंबस स्कूल (छपरौली), आकाश पब्लिक स्कूल, और एस.डी. इंटरनेशनल स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों की टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों में अपने कराटे कौशल और आत्मरक्षा तकनीकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और जोश से भर गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में युवा शक्ति संगठन (YSS Foundation) के निदेशक श्री सचिन गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि – “ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, संयम और दृढ़ निश्चय की भावना को प्रबल बनाती हैं। युवा शक्ति के माध्यम से हम खेल, अनुशासन और सकारात्मक सोच को समाज में बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
कार्यक्रम के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र वितरित किए गए। पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।



