उत्तर प्रदेशदिल्लीदेश / राष्ट्रीयधर्मधर्म कर्मराज्य - शहर

युवा शक्ति की विशेष पहल: भव्य यमुना महाआरती एवं दीपोत्सव 2025 सफलतापूर्वक सम्पन्न

नोएडा ll देव दीपावली के पावन अवसर पर युवा शक्ति घाट, यमुना तट, सेक्टर 94, नोएडा पर वाईएसएस फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद, नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य यमुना महाआरती एवं दीपोत्सव 2025 का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और पर्यावरणीय चेतना के साथ सम्पन्न हुआ।

नमामि गंगे के मार्गदर्शन में यह पहली बार जब नोएडा में इस स्तर पर यमुना तट पर भव्य दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया गया, जिसने शहर में संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष देवेंद्र गंगल ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यमुना नदी के पुनरुद्धार, स्वच्छता, पवित्रता एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है। छठ पर्व के बाद वहां बिखरी अव्यवस्थाओं के लिए दो दिनों तक चले स्वच्छता अभियान चला कर पृष्ठ भूमि तैयार करने के लिए संस्था एवं नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष आभार व्यक्त किया।

शाम ढलते ही जब हजारों दीप यमुना तट पर प्रज्वलित हुए, तो पूरा वातावरण भक्ति, सौहार्द और प्रकाश से आलोकित हो उठा। मंत्रोच्चार, शंखनाद और महाआरती की गूंज से यमुना तट एक दिव्य आध्यात्मिक अनुभव में परिवर्तित हो गया। सैकड़ों श्रद्धालु, स्वयंसेवक, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिकों ने दीपदान कर “स्वच्छ, निर्मल और जीवनदायिनी यमुना” का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री इन्दु प्रकाश (स्वास्थ्य विभाग, नोएडा प्राधिकरण) एवं पूर्व वन अधिकारी (DFO) श्री प्रमोद कुमार श्रीवास्तव एवं नोवरा अध्यक्ष रंजन तोमर उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि “यमुना हमारी संस्कृति, जल और जीवन का प्रतीक है — इसका संरक्षण हर नागरिक का परम कर्तव्य है। कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने कहा — “जब दीप यमुना के तट पर जलता है, तो वह केवल प्रकाश नहीं, बल्कि जीवन, शुद्धता और सेवा का प्रतीक बनता है।”

भारत विकास परिषद, नोएडा अध्यक्ष देवेंद्र गंगल, सचिव राम रतन शर्मा, पर्यावरण संयोजक सत्य नारायण गोयल, संजय गुप्ता, ललित सिंघल, ब्रिज मोहन अग्रवाल, प्रताप मेहता, राजीव अग्रवाल, डी के मित्तल, एवं समस्त कार्यकारणी सदस्य उपस्थित रहे।

युवा शक्ति के संरक्षक एन. के. अग्रवाल, वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता, संयोजक दुर्गा प्रसाद दुबे, पर्यावरण प्रमुख दिनेश कुमार, कार्यक्रम प्रभारी अंकुर शर्मा, कीर्ति, एवं विक्रम सेठी सहित पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाया।

सचिन गुप्ता (अध्यक्ष, वाईएसएस फाउंडेशन) ने कहा “यमुना हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, इसे स्वच्छ और जीवंत बनाए रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है। आज के इस दीपोत्सव के माध्यम से हम सभी ने सामूहिक रूप से यमुना की सेवा का संकल्प लिया है।”

पर्यावरण संयोजक सत्य नारायण गोयल ने महाआरती और दीपदान के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन पर शपथ पत्र दिलाई साथ ही कार्यक्रम का समापन “हरित भारत – स्वच्छ यमुना” के उद्घोष के साथ हुआ।

युवा शक्ति – वाईएसएस फाउंडेशन के स्वयंसेवक पिछले चार वर्षों से ‘स्वच्छ यमुना मिशन’ के तहत 230 से अधिक सफाई और जागरूकता अभियान चला चुके हैं, जिनसे हजारों नागरिक इस अभियान से जुड़े हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button