साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया से पीड़ितो को फंसा करोड़ो की ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय सरगना को किया गिरफ्तार
थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा मैट्रिमोनियल साइट व सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी पहचान बताकर पीड़ितो को अपने प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ो रुपयों की ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का सरगना गिरफ्तार, कब्जे से 05 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 01 टैबलेट, 01 वाई-फाई राउटर, 01 डोंगल, 01 सिम कार्ड, विदेशी मुद्रा (नायरा 1800), पासपोर्ट (अलग अलग नाम से) व अन्य कागजात बरामद
दिनांक 18.03.2026 को थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से पार्सल भेजने के नाम पर ठगी करने वाला अभियुक्त SAMUEL OGUN उर्फ STEPNEY DERICK S/O JOHN OGUN को जनपद फरीदाबाद हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से 05 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 01 टैबलेट, 01 वाई-फाई राउटर, 01 डोंगल, 01 सिम कार्ड, विदेशी मुद्रा (नायरा 1800), पासपोर्ट (अलग अलग नाम से) व अन्य कागजात बरामद किए गए है।
अभियुक्त मैट्रिमोनियल साइट्स एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जीवनसाथी की तलाश कर रहे व्यक्तियों से संपर्क करता था और उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसाकर विभिन्न तरीकों से ठगता था। एक प्रमुख तरीका यह था कि वह पीड़िता को बताता था कि उसने पीड़िता के लिए विदेश से पार्सल भेजा है, जिसे एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया है। इसके उपरांत वह पीड़िता को भ्रमित कर ऑनलाइन धोखाधड़ी करता था। इस संबंध में पूर्व में थाना साइबर क्राइम पर इस संबंध में दो अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें एक पीड़िता से ₹56,46,000 तथा दूसरे अभियोग में ₹1,26,00,000 की ऑनलाइन धोखाधड़ी अभियुक्त द्वारा की गई थी। पूछताछ के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि अभियुक्त फर्जी लोन दिलाने के नाम पर भी ऑनलाइन धोखाधड़ी में संलिप्त है।
उल्लेखनीय है कि अभियुक्त के पास से दो अलग-अलग नाम एवं अलग-अलग नागरिकता से संबंधित पासपोर्ट के दस्तावेज बरामद हुए हैं। प्रथम पासपोर्ट अमान्य (invalid) हो जाने के उपरांत वह दूसरे देश में जाकर नई पहचान से नया पासपोर्ट बनवाकर फिर भारत आया। अभियुक्त के पास कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग वह विभिन्न पहचान बताकर साइबर ठगी करने में करता था।
साइबर जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव बिंदु-
1- मैट्रिमोनियल साइट्स व सोशल मीडिया पर अंजान व्यक्तियों से सावधानीपूर्वक संपर्क करें, उनकी प्रोफाइल व पहचान का सत्यापन अवश्य करें।
2-“विदेश से पार्सल भेजने” व कस्टम में फंसने के नाम पर धनराशि मांगने वाले कॉल/मैसेज से सतर्क रहें, यह आम साइबर ठगी का तरीका है।
3-किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बिना पुष्टि किए ऑनलाइन माध्यम से पैसे न भेजें।
4- फर्जी लोन ऑफर, कम ब्याज दर या बिना दस्तावेज के तुरंत लोन देने के झांसे में न आएं।
5-साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।



