देश / राष्ट्रीय

स्वामी श्रद्धानन्द के बलिदान दिवस पर विशाल शोभा यात्रा सम्पन्न

Huge Shobha Yatra completed on Swami Shraddhanand's Martyrdom Day

PTG NEWS|  हुतात्मा स्वामी श्रद्धानन्द जी के 96 वे बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में शम्भू दयाल वैदिक सन्यास आश्रम गाजियाबाद में महायज्ञ का आयोजन कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली गई। पूज्य स्वामी सूर्यदेव जी के ब्रह्मत्व में यज्ञ सम्पन्न हुआ,मुख्य यज्ञमान श्रीमती दीपा गोयल व अनुपम गोयल रहे। शोभा यात्रा का शुभारम्भ समाज सेवी ओम प्रकाश आर्य ने ओम ध्वज दिखाकर किया।विशाल शोभा यात्रा गांधी नगर, चौधरी मोड़,रेलवे रोड, बजरिया, घंटाघर, चौपला, डासना गेट,मालीवाड़ा चौक, अम्बेडकर रोड, कालका गढ़ी होते हुए सरस्वती शिशु मन्दिर के प्रांगण में जनसभा में परिवर्तित हो गई। समारोह में जनपद ग़ाज़ियाबाद हापुड़,ग्रेटर नोएडा के कोने कोने से सैकड़ों आर्य प्रतिनिधियों ने उत्साह से भाग लिया।मार्ग में जिला ग़ाज़ियाबाद से पधारे विभिन्न आर्य समाजों, स्कूलों के हज़ारों गणमान्य लोगों का व्यापारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।शोभा यात्रा के अन्तर्गत विभिन्न आर्य समाजों की सुन्दर झांकियां भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर आर्य बंधु बालिका विद्यालय,गुरुकुल पटेल मार्ग, सन्यास आश्रम के छात्र एवं केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के युवकों का व्यायाम प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सरस्वती शिशु मन्दिर के प्रांगण में जनसभा का प्रारंभ सर्वश्री ज्ञानेन्द्र सिंह आर्य,सेवा राम त्यागी,सुरेन्द्र पाल सिंह,नरेश त्यागी,स्वामी सूर्यदेव आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया।

बिजनोर से पधारे भजनोपदेशक मोहित शास्त्री ने स्वामी श्रद्धानन्द जी का गुणगान किया।

वैदिक विद्वानआचार्य वीरेन्द्र शास्त्री (सहारनपुर) ने कहा कि स्वामी श्रद्धानन्द जी का जीवन भटकते लोगों के लिये प्रकाश पुंज के समान है।हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता अखंडता के लिये कार्य करना चाहिए,यह गर्व की बात है कि आर्य समाज के लोगों में देश भक्ति का जज्बा कूट कूट कर भरा हुआ है जो अत्यंत प्रशंसनीय है।स्वामी श्रद्धानन्द राष्ट्रीय एकता और अखण्डता की ज्वलंत मिसाल थे।स्वामी श्रद्धानन्द ने विश्व बंधुत्व का जो संदेश हम सबको दिया तथा नैतिकता का पाठ पढ़ाया वह केवल भारत के पास है,पूरे विश्व मे ओर कहीं नहीं मिलेगा। मुख्य अतिथि ठा. विक्रम सिंह (अध्यक्ष, राष्ट्र निर्माण पार्टी) ने अपने उद्बोधन में कहा कि बड़े सौभाग्य की बात है कि हम यहां किसी ना किसी बहाने से इकठ्ठे हुए हैं स्वामी श्रद्धानन्द स्वामी दयानन्द के ऐसे शिष्य थे जिन्होंने ऋषियों की परम्पराओं का पालन करते हुऐ गुरुकुल कांगड़ी की स्थापना हरिद्वार में की।उन्होंने कहा संघर्ष करो तभी देश बचेगा। आर्य नेता अनिल आर्य (राष्ट्रीय अध्यक्ष, केन्द्रीय आर्य युवक परिषद) ने कहा कि घर वापिसी का मार्ग स्वामी श्रद्धानंद ने प्रशस्त किया,जो हिंदू किसी कारण से विधर्मी बन जाते थे उनके घर वापिस आने का कोई उपाय नहीं था, स्वामी श्रद्धानंद जी ने इस गंभीर समस्या को समझा और यज्ञ द्वारा शुद्ध करके हजारों मुसलमानों को वापिस हिंदू धर्म में सम्मिलित किया। नारी शिक्षा के लिए जालंधर में कन्या महाविद्यालय की स्थापना की,साथ ही पुरातन गुरुकुल प्रणाली को पुनर्जीवित किया। उनका बलिदान सदियों तक समाज का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। उनके बलिदान दिवस पर उन्हें याद करने का अर्थ है सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना आपसी भाई चारे से समाज व देश को मजबूत बनाएं, यही उनकी कथनी और करनी की समानता का प्रेरक उदाहरण है।उन्होंने कहा कि आज फिर से शुद्धि आंदोलन चलाने की आवश्यकता है जिससे जो लोग किसी कारण से विधर्मी हो गए थे उन्हें वापिस हिन्दू धर्म मे लाया जा सके। समारोह अध्यक्ष माया प्रकाश त्यागी (कोषाध्यक्ष सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा) ने बताया कि लार्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति के द्वारा देश का विकास नहीं हो सकता,बच्चों में संस्कार व हमारी संस्कृति की रक्षा गुरु कुलीय पद्धति से ही हो सकती है।उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा ब्रह्मचर्य से होगी।उन्होंने बताया कि स्वामीजी ने कहा है चाहे जीवन मे सुख हो चाहे दुख हो लाभ हो या हानि हो जीवन में कुछ प्राप्त हो या न हो सत्य को कभी मत छोड़ो,स्वामी श्रद्धानन्द के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम अपने जीवन में परमात्मा के प्रति श्रद्धा रखें और आर्य समाज के उत्थान में अपना तन मन और धन लगा दें। केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय मंत्री प्रवीण आर्य ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद कहते थे यदि आपकी परमपिता परमात्मा में पूर्ण श्रद्धा है तो भगवान आपके सारे कार्य पूर्ण करेंगे। समाज सेवी सुभाष गर्ग ने कहा कि आज जो देश में इस्लामीकरण और ईसाईकरण द्वारा हिंदू जाति का धर्मांतरण हो रहा है,आर्य समाज को पुनः शुद्धि आन्दोलन चलाकर इसे रोकना होगा और केन्द्र सरकार को अवगत कराना होगा। इस अवसर पर सर्वश्री श्रद्धानंद शर्मा,नरेश गोयल,केके यादव, डा.अजय अग्रवल (पूर्व सीएमओ) ने भी अपने विचार रखे। सभा का कुशल संचालन जिला गाजियाबाद आर्य केन्द्रीय सभा के प्रधान सत्यवीर चौधरी ने किया। सभा के महामंत्री  नरेन्द्र पांचाल  ने दूर दराज से पधारे गणमान्य अतिथियों का शोभा यात्रा व जनसभा में पधारने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सर्वश्री तेज पाल सिंह आर्य, चौ.मंगल सिंह,सुरेश गर्ग,सुरेश आर्य,यज्ञवीर चौहान,वी के धामा, त्रिलोक शास्त्री,शिल्पा गर्ग,आशा आर्या आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button