दिल्लीदेशराजनीति

प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों के लिए नवनिर्मित 184 फ्लैटों का किया उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राजधानी के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बनाए गए 184 टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, किरेन रिजिजू, डॉ. महेश शर्मा समेत कई सांसद और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में उन्होंने कर्तव्य पथ पर ‘कर्तव्य भवन’ का उद्घाटन किया था और आज उन्हें सांसदों के लिए आधुनिक व सुविधाजनक आवासीय परिसर देने का अवसर मिला है। कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली—चार नदियों के नाम पर बने टॉवर सांसदों के जीवन में आनंद की नई धारा बहाएंगे।

उन्होंने कहा कि पुराने सांसद आवासों की स्थिति खराब थी, जिससे सांसदों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन नए फ्लैट इस समस्या का स्थायी समाधान देंगे। अब 180 से अधिक सांसद एक ही परिसर में रह सकेंगे, जिससे सरकारी आवास की कमी दूर होगी और किराये पर होने वाले करोड़ों रुपये के व्यय में भी बचत होगी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि 2004 से 2014 के बीच लोकसभा सांसदों के लिए एक भी नया आवास नहीं बना, जबकि 2014 के बाद से अब तक करीब 350 सांसद आवास तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश विकास के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील है—सांसदों के लिए आवास बनाने के साथ ही पीएम आवास योजना से 4 करोड़ गरीबों को घर का स्वामित्व दिया गया है।

नवनिर्मित परिसर में सौर ऊर्जा आधारित ढांचा और पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने सांसदों से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करने, क्षेत्रीय त्योहारों के सामूहिक आयोजन करने और स्वच्छता व सांस्कृतिक जीवंतता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह परिसर सांसदों के बीच आपसी सहयोग और सद्भाव का केंद्र बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button