शिवराज सिंह चौहान धूमधाम से लाए गणेश प्रतिमा, “मामा के घर” विराजे गजानन
भोपाल llकेंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास “मामा के घर” पर अनंत चतुर्दशी तक बप्पा विराजमान रहेंगे। आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर शिवराज सिंह परिवार सहित माता मंदिर क्षेत्र पहुंचे और वहाँ से धूमधाम के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा लेकर अपने घर आए।
निवास पर शिवराज सिंह ने विधि-विधान से गणेश जी की स्थापना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणपति बप्पा अब पधार रहे हैं, वो मंगलमूर्ति हैं, सिद्धि विनायक हैं, विघ्नहर्ता हैं। वो सबकी जिंदगी से विघ्न हरें और सबकी जिंदगी में खुशी और आशीर्वाद की वर्षा करें, यही उनके चरणों में प्रार्थना है। अब धूमधाम से अनंत चतुर्दशी तक गणेश महोत्सव चलेगा, लेकिन एक संदेश के साथ कि हम अपने दैनिक जीवन में उपयोग में आने वाली सभी चीजें केवल अपने देश में बनी ही खरीदें, जिसमें अपनी माटी की सुगंध हो, जिसमें हमारे गरीबों का पसीना हो, जिसमें हमारे देश का अपना सब कुछ हो, आप सब स्वदेशी अपनाएं और गणेश जी आप सब पर कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें, यहीं प्रार्थना है।
शिवराज सिंह ने कहा कि हमारा देश आत्मविश्वास से भरा है, 144 करोड़ भारतवासी इतना सामर्थ्य रखते हैं कि दुनिया में हमारा देश सबसे आगे होगा, हमारे अन्न के भंडार भरे हुए हैं। केवल अपने देश ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर हम दुनिया का भी पेट भरने का सामर्थ्य है। हमारे वैज्ञानिक, हमारे किसान, हमारे उद्यमी, हमारे व्यापारी, हमारे नौजवान, इतना सामर्थ्य रखते हैं कि कैसी भी परिस्थितियां आए, अपने देश को हम आगे ले जाएंगे।



