थाना इकोटेक तृतीय क्षेत्रांतर्गत सरस्वती इंक्लेव में नवनिर्मित पुलिस पिंक बूथ का उद्घाटन
Noida ll अपर पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र व अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा की दिशा में एक और प्रभावी कदम उठाते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नवनिर्मित 02 पुलिस पिंक बूथ का उद्घाटन किया गया। इन पिंक बूथ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। इन बूथों पर महिला पुलिसकर्मी ही तैनात रहेंगी, जिससे शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं को अपनी समस्या बताने में किसी प्रकार की हिचक महसूस न हो। यह पिंक बूथ विशेष रूप से ऐसे स्थानों पर बनाए गए हैं, जहाँ प्रतिदिन कार्य करने वाली महिलाओं की आवाजाही अधिक होती है। प्रत्येक थाने पर महिला शिकायतकर्ता अथवा पीड़िता की सहायता हेतु महिला हेल्प डेस्क संचालित है, किंतु पिंक बूथ विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारीगण द्वारा बच्चो को बैग एवं स्टेशनरी का सामान वितरित किया गया तथा संबोधन में बताया गया कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में बाहर से आकर नौकरी करने वाली महिलाओं की संख्या बहुत अधिक है। सभी महिलाओं को किसी भी प्रकार का अपराध चुपचाप सहन नहीं करना चाहिए। पिंक बूथों पर महिलाएँ अपनी बातें निसंकोच रखकर त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। सभी महिलाओं को निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहना चाहिए।

“मिशन शक्ति-5.0” के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा प्रतिदिन सभी थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए विभिन्न सोसाइटी, स्कूल, कंपनियों, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाकर महिलाओं को आत्मसुरक्षा व साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है। महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के संबंध में शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएँ जैसे- मिशन शक्ति फेस-5.0, शुभ मंगल योजना, साइबर क्राइम एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जाती है। इसके अतिरिक्त महिलाओं/छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर-1090, आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर-1098, वन स्टॉप सेंटर-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर-1076 एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930 के बारे में भी जागरूक किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल, एसीपी तृतीय सेंट्रल नोएडा बी.एस. वीर कुमार तथा अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।



