मिशन शक्ति अभियान-5.0″ के अंतर्गत महिलाओं को उनकी बहादुरी, समाज कल्याण एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने के लिये सम्मानित किया
Noida llशासन द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु चलाये जा रहे “मिशन शक्ति अभियान-5.0” के अंतर्गत पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में महिला सशक्तिकरण हेतु प्रतिदिन विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसी क्रम में आज दिनांक 01.10.2025 को पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के महिलाओं को उनकी बहादुरी, समाज कल्याण एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने के लिये सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उन बालिकाओं/महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में साहस, आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्प का परिचय देकर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किये। यह वो महिलाएं है जो समाज में अपराध के खिलाफ खड़ी होती है, बालिकाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण व स्वावलंबन बनाने के लिए कार्य करती है तथा पुलिस प्रशासन को समाज में घटित होने वाले अपराध की सूचना देती है ताकि सभी बालिकाएं/महिलाएं सुरक्षित रह सके एवं अपराध मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। ऐसी सभी बालिकाओं/महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया ताकि समाज में जागरूकता का संदेश देकर सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र द्वारा कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि “मिशन शक्ति अभियान-5.0” का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। सम्मानित की गयी सभी बालिकाएँ/महिलायें समाज की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और इनके साहसिक कार्य “मिशन शक्ति अभियान” के उद्देश्यों को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
मिशन शक्ति अभियान-5.0″ के अंतर्गत कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीम द्वारा बालिकाओं/महिलाओं को प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित करते हुए साइबर अपराध, सोशल मीडिया से सही उपयोग, गुड टच, बैड टच के बारे में, यौन अपराधों, घरेलू हिंसा, बाल सुरक्षा व अधिकार आदि के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सभी को विभिन्न हेल्पलाइन नम्बर से सम्बन्धित पम्पलेट/सुरक्षा कार्ड प्रदान किये जा रहे है जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान त्यागराज सेंटर फॉर म्यूजिक एंड डांस, नोएडा की बालिकाओं द्वारा मनमोहक संस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई, जिसकी वहां पर उपस्थित सभी लोगों द्वारा प्रशंसा की गई।
इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री अजय कुमार, डीसीपी मुख्यालय श्री रवि शंकर निम, डीसीपी श्री शैलेंद्र सिंह, डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव, स्टाफ ऑफिसर श्रीमती पूनम मिश्रा, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्रीमती शैव्या गोयल, एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार, सीडीओ श्री शिवाकांत त्रिवेदी एवं एनजीओ व महिला संगठन की तरफ से पदाधिकारी उपस्थित रहे।



