उत्तर प्रदेशराज्य - शहरशिक्षा

प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप्स के लिए को-वर्किंग स्पेस का उद्घाटन, स्टार्टअप्स को मिलेगा नया मंच

नोएडा। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के नोएडा कैंपस में 18 दिसंबर को एमयूआईटी इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन फाउंडेशन (MIIF) के द्वारा एक आधुनिक को-वर्किंग स्पेस की स्थापना की गई। इस को-वर्किंग स्पेस का उद्घाटन महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के कुलाधिपति श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और नवाचार आधारित प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप्स को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने विचारों को व्यवसायिक रूप दे सकें और देश के आर्थिक विकास में सक्रीय भूमिका निभा सकें।

उद्घाटन अवसर पर महर्षि यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति  अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि MIIF की यह पहल उन सपनों को साकार करने में सहायक होगी, जो आने वाले समय में भारत की प्रगति और आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में स्टार्टअप्स को केवल विचार नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन, संसाधन और सहयोग की आवश्यकता होती है, जिसे यह को-वर्किंग स्पेस उपलब्ध कराएगा।

MIIF के निदेशक राहुल भारद्वाज ने कहा कि एमयूआईटी इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन फाउंडेशन द्वारा स्थापित यह को-वर्किंग स्पेस इनोवेशन और इंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त कदम है। यह पहल दर्शाती है कि फाउंडेशन नए इनक्यूबेटर्स और उभरते स्टार्टअप्स को केवल स्थान ही नहीं, बल्कि दीर्घकालिक सहयोग, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह को-वर्किंग स्पेस भविष्य के उद्यमियों के लिए ऐसा वातावरण तैयार करेगा, जहां विचारों को गति मिलेगी और उन्हें सफल व्यवसाय में परिवर्तित करने का मजबूत आधार मिलेगा।

को-वर्किंग स्पेस की स्थापना पर MIIF के सीईओ वरुण श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी यह कोशिश है कि किसी भी नए स्टार्टअप को फंड या संसाधनों के अभाव में अपने कदम पीछे न खींचने पड़ें। उन्होंने कहा कि इस स्पेस की सुविधा से स्टार्टअप्स और स्टुडेंट्स को लागत में कमी, नेटवर्किंग और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन जैसे कई लाभ मिलेंगे।

MIIF की सीनियर एक्जीक्यूटिव डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने बताया कि यह पहल केवल एक को-वर्किंग स्पेस तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां स्टार्टअप्स, इनक्यूबेटर्स और स्टूडेंट्स के लिए एक संपूर्ण इकोसिस्टम विकसित किया गया है। जहां अत्याधुनिक तकनीक, मेंटरशिप, प्रशिक्षण और उद्योग से जुड़ाव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल ‘स्टार्टअप इंडिया’ मिशन को और मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के विभिन्न विभागों के डीन, डिप्टी डीन, फैकल्टी सदस्य और स्टाफ मौजूद रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि आज के समय में को-वर्किंग स्पेस स्टार्टअप्स के लिए अत्यंत आवश्यक हो गए हैं, क्योंकि ये न केवल कार्य के लिए स्थान उपलब्ध कराते हैं, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान, सहयोग और नवाचार को भी बढ़ावा देते हैं। एमयूआईटी इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन फाउंडेशन की यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में उद्यमिता को नई दिशा देने का काम करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button