राष्ट्रीय युवा दिवस पर जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अनिल कुमार चौधरी सम्मानित
Noida ll राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर गौतमबुद्धनगर में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा अनिल कुमार चौधरी को जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी आशीष कुमार सिंह तथा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश सिसौदिया द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपदवासियों को एक ऐसे प्रेरणादायक युवा से रूबरू कराया गया, जो न तो किसी प्रशासनिक पद पर हैं और न ही किसी जनप्रतिनिधि की भूमिका में, लेकिन अपनी सक्रिय भागीदारी, अध्ययनशीलता और समर्पण के बल पर गौतमबुद्ध नगर जनपद में विभिन्न केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अनिल कुमार चौधरी को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित 70 से अधिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी है। योजनाओं से संबंधित दस्तावेजीकरण, प्रक्रिया और मार्गदर्शन में वे दक्ष हैं। किसी भी जटिलता की स्थिति में वे प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से समस्याओं का समाधान कराते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य करते हैं।
जनसेवा के क्रम में उन्होंने वर्ष 2022 के सेवा पखवाड़ा तथा प्रधानमंत्री विकसित संकल्प यात्रा के दौरान लगातार 24 से अधिक नोएडा शहरी क्षेत्र के शिविरों में अपनी सेवाएं दीं, जहां उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने में सक्रिय सहयोग किया। इसके अतिरिक्त ई- श्रम कार्ड, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांगजन सशक्तीकरण अभियान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, विधवा पेंशन, शादी अनुदान योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, आधार कार्ड अपडेशन, सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पीएम एडीआईपी, पीएम वयो श्री, दीन दयाल कौशल विकास योजना, पीएम टीबी मुक्त भारत अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, मिशन शक्ति नारी वंदन अभियान तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी वे अपने यूट्यूब चैनल Technical Sonu Ji के माध्यम से और प्रत्यक्ष रूप से लोगों तक पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित कर रहे हैं।
देश के अनेक राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी तथा लगभग 50 से अधिक सामाजिक संगठन अनिल कुमार चौधरी से जुड़े हुए हैं, जो उनसे जानकारी प्राप्त कर जनकल्याणकारी कार्यों को सुगमता से संपन्न करते हैं।



