नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत पर समाजवादी पार्टी ने जताया गहरा शोक, 2 करोड़ मुआवजे की मांग
नोएडा llनोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की प्रशासन एवं बिल्डर की घोर लापरवाही के कारण हुई दुखद मृत्यु पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता गौरव चाचरा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
गौरव चाचरा प्रवक्ता समाजवादी पार्टी एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष नोएडा पंजाबी एकता समिति ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे युवराज मेहता की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें और इस अपार दुःख की घड़ी में उनके परिवार को यह पीड़ा सहने की शक्ति दें।
उन्होंने कहा कि पूरा समाजवादी परिवार मेहता परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा अथॉरिटी की गंभीर लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद भी घटनास्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही रिफ्लेक्टर लगाए गए थे, जिसके कारण एक होनहार युवा की जान चली गई।
समाजवादी पार्टी सरकार से मांग करती है कि:
• युवराज मेहता के परिवार को तत्काल ₹2 करोड़ का मुआवजा दिया जाए।
• इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित बिल्डर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
• भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, समाजवादी पार्टी उनकी आवाज़ पूरी मजबूती से उठाती रहेगी।



