यूपी से निकली सोच ने रचा इतिहास, हरियाणा में आयोजित केसीएल में रोहतक रॉयल्स बने चैंपियन
मेरठ, उत्तर प्रदेश ll हरियाणा के राई, सोनीपत स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में 25 जनवरी से 7 फ़रवरी तक आयोजित कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) के उद्घाटन संस्करण का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित लीग में कुल आठ टीमों ने भाग लिया, जिसमें सभी टीमों, फ्रेंचाइज़ियों और टीम मालिकों ने पूरे समर्पण, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही भिवानी बुल्स को 32–30 से हराकर रोहतक रॉयल्स ने उद्घाटन केसीएल का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। “ *गेम भी रॉयल, नाम भी रॉयल* ” के अपने नारे को साकार करते हुए रोहतक रॉयल्स ने न सिर्फ ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया, बल्कि 51 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी अपने नाम की।
रोहतक रॉयल्स, उद्घाटन कबड्डी चैंपियंस लीग की फ्रेंचाइज़ी है, जिसका स्वामित्व एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी के पास है। यह जीत केवल एक टीम की सफलता नहीं, बल्कि उस विज़न की भी जीत है, जिसकी जड़ें सीधे उत्तर प्रदेश से जुड़ी हुई हैं।
एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी के संस्थापक, गजेंद्र शर्मा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और उन्होंने अपनी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा भी उत्तर प्रदेश से ही प्राप्त की है। शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के विज़न के साथ शुरू की गई यह पहल आज इन सभी क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही है और देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
वर्तमान में एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी के पास दो प्रमुख कबड्डी फ्रेंचाइज़ियाँ हैं, कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) में रोहतक रॉयल्स और यूपी कबड्डी लीग (यूपीकेएल) में मेरठ 1857 योद्धास। उल्लेखनीय है कि यूपी कबड्डी लीग में फिलहाल 13 टीमें शामिल हैं और मेरठ 1857 योद्धास के मुकाबले आगामी तीसरे सीज़न में शीघ्र ही देखने को मिलेंगे। हाल ही में यूपीकेएल के दूसरे सीज़न के फाइनल के दौरान इस फ्रेंचाइज़ी के अधिग्रहण की औपचारिक घोषणा भी की गई थी।
कंपनी का स्पष्ट विज़न है कि खेल को देश के हर घर तक पहुँचाया जाए, जहाँ युवा प्रतिभाओं और अनुभवी खिलाड़ियों को एक साथ मंच मिले। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल के माध्यम से सकारात्मक और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। आने वाले समय में दिल्ली और राजस्थान में भी लीग विस्तार की योजना है, जिससे युवाओं को और अधिक अवसर मिल सकें।
एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण के व्यापक विज़न पर कार्य कर रही है। इसके साथ ही कंपनी राष्ट्रीय विकास से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स, विशेष रूप से नेशनल हाईवे परियोजनाओं, पर भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
रोहतक रॉयल्स की यह ऐतिहासिक उपलब्धि और एड्रॉइट स्पोर्ट्स वेंचर्स एलएलपी का निरंतर विस्तार, उत्तर प्रदेश को भारतीय कबड्डी के एक उभरते हुए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



